Lucknow Fire: लखनऊ में हजरतगंज मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार देर रात को एक इमारत में आग लग गई। जिसमें दो मकान के अंदर महिलाएं फंस गई। आग की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और महिलाओं को किसी तरह बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में किसी जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
मकान में लगी भीषण आग
दूसरी मंजिल पर बने मकान में लगी आग
हजरतगंज में एलआईसी के सामने हलवासिया बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर आग की यह घटना हुई। यहां छत पर बने मकान में 88 वर्षीय सुमन सिंह और ऋतु सिंह रहती हैं। देर रात करीब 12:15 बजे मकान में आग की लपटें उठती दिखी। लपटों में खुद को घिरता देखकर दोनों महिलाएं घबरा गई और मदद के लिए चीख पुकार करने लगीं। ऋतु ने किसी तरह दमकल को घटना की जानकारी दी। साथ ही आग पर काबू पाने का भी प्रयास करने लगीं।
मकान की छत भी गिरी
घटना की सूचना पाकर एफएसओ हजरतगंज रामकुमार रावत दमकल की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की एक टीम आग पर काबू पाने में जुट गई और दूसरी टीम महिलाओं को बाहर निकालने में जुट गई। दमकल टीम ने लेडर की मदद से दूसरी मंजिल पर जाकर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकला। आग बुझाने की कोशिश के दौरान मकान की छत भी गर गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे में कोई जनहानि नहीं
एफएसओ ने बताया कि इस फ्लैट में रहने वाली दो महिलाओं को बचा लिया गया है। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि अभी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। लेकिन शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका है।
