Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ 11 से 13 जनवरी, 2025 तक तीन दिवसीय धूमधाम से मनाई जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य आयोजन किया जाएगा। तीनों दिन मंदिर परिसर में लगातार 18 घंटे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। विशेष रूप से निर्मित यज्ञ मंडप में 21 ब्राह्मण विद्वान यज्ञ संपन्न कराएंगे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से आम जनता का यज्ञ मंडप में प्रवेश निषिद्ध रहेगा।
फाइल फोटो।
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
इसके साथ ही शाम 3 से 5 बजे के बीच मंदिर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश के ख्याति प्राप्त कलाकार भगवान राम को राग सेवा अर्पित करेंगे। हनुमान चालीसा, राम रक्षा सूत्र, आदित्य हृदय सूत्र और विष्णु सहस्त्रनाम का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।
पहली वर्षगांठ को लेकर तैयारियां जोरों पर
चंपत राय ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यह आयोजन देश भर के लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष अवसर होगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में यात्री सुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को मंदिर और कार्यक्रम से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध होगी।
तीन दिनों तक चलेंगे कार्यक्रम
बता दें कि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बताया गया कि 11 से 13 जनवरी तक पांच अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पहला स्थान यज्ञ मंडप होगा, जहां आम लोगों की एंट्री बैन होगी। दूसरा स्थान राम जन्मभूमि मंदिर के अंदर के हिस्से का होगा, जहां केवल वही व्यक्ति जा सकते हैं, जिसे बुलाया जाएगा। तीसरा स्थान यात्री सुविधा केंद्र और चौथा स्थान अंगद किला हैं, जहां कोई भी बिना किसी रोक-टोक के जा सकते हैं।
इसके साथ ही अंगद किला प्रांगण में जाने के लिए श्री राम हॉस्पिटल के पहले यात्री सुविधा केंद्र के बगल में एक नई सड़क बनाई गई है, जो सुग्रीव किला तक जाती है।
