Firozabad Road Accident: महाकुंभ में स्नान करने के बाद प्रयागराज से लौट रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। बस से आग की लपटे निकलती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और सभी अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने लगे। इस घटना के दौरान बस में 53 यात्री सवार थे। 52 यात्रियों को सकुशल बहार निकल गए, लेकिन हादसे में एक यात्री जलकर मौत हो गई।
धू-धू करके जली बस
फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद सदर तहसील के उपजिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन द्वारा राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस में 53 लोग सवार थे, जिसमें से 52 यात्री सकुशल बाहर आ गए। लेकिन एक यात्री की मौत हो गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
पुलिस अधिकारी ने बताया हादसा सुबह करीब 4 बजे का है। जब राजस्थान के नागौर जिले के यात्री महाकुंभ में स्नान करने के बाद घर वापसी कर रहे थे। तभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अचानक उनकी बस में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके कारण आग लग गई। बस में आग लगने से लोगों के बीच हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए बस से बाहर कूदने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने और फायर टीम ने आग पर काबू पाया और मृतक के शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतक की पहचान पवन शर्मा निवासी नागौर राजस्थान के रूप में की है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
