उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। ललितपुर जिले में बान थाना क्षेत्र स्थित धमना गांव में एक बाप ने अपनी 10 साल की बेटी को रस्सी से बांधकर उसे उल्टा लटकाकर पीटा। बेटी की पिटाई करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है।
बेटी को उल्टा लटकाकर पीटा
बता दें कि इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार किया। बान थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजा दिनेश सिंह ने बताया कि धमना गांव में 10 साल की बच्ची के पैर रस्सी से बांधने और उल्टा लटकाकर पिटाई करने की घटना सात अक्टूबर की है।
वीडियो वायरल होने पर पिता गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था, जिस पर संज्ञान लिया गया। उन्होंने बताया कि थाने में तैनात उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पिता गोविंद दास रायकवार (45) को गिरफ्तार किया गया।
मामूली सी बात पर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता को शुक्रवार को संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में रायकवार ने बताया कि मामूली सी बात न मानने पर उसने बेटी के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद हर तरफ आरोपी शख्स की चर्चा है।
इनपुटः भाषा
