लखनऊ

Operation Sindoor को सेल्यूट, किसानों ने यूं दिया सेना को सम्मान; कहा- दुश्मन को कर देंगे बर्बाद

Bijnor Tractor March: बिजनौर में किसानों ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर खुशी जाहिर करने के लिए ट्रैक्टर मार्च निकाला। इस दौरान भारतीय सेना के समर्थन और भारत माता के जयघोष में नारे गूंजते रहे। इस मार्च में किसानों ने ट्रैक्टर के पीछे खेती के उपकरण जोड़े हुए थे।

Image

बिजनौर में ट्रैक्टर मार्च

Photo : Twitter

Bijnor Tractor March: भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता से गदगद किसानों ने बुधवार को बिजनौर की सड़कों पर उतरकर देशभक्ति का अनोखा संदेश दिया। भाकियू गैर-राजनैतिक के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर सेना के पराक्रम का स्वागत किया और पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी। यह ट्रैक्टर मार्च बिजनौर नगर से होकर गुजरा, जिसमें किसानों ने अपने ट्रैक्टरों के पीछे खेती के उपकरण जैसे टिलर और हैरो जोड़े हुए थे। किसानों का संदेश साफ था- अगर जरूरत पड़ी तो वे पाकिस्तान की जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर आतंकवाद की जड़ें उखाड़ फेंकेंगे।

किसान नेता दिगंबर सिंह ने कहा, "हमने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर खुशी जाहिर करने के लिए यह मार्च निकाला है। ट्रैक्टरों से जुड़ी खेती की मशीनों के जरिए हमने प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश दिया है कि हम पाकिस्तान की जमीन पर कब्जा करने और वहां पनप रहे आतंकियों की फसलें नष्ट करने के लिए तैयार हैं।" उन्होंने आगे कहा, "आज कुछ देशद्रोही लोग देश की पगड़ी से अपनी पगड़ी को बड़ा मानने लगे हैं। हम ऐसे लोगों को चेतावनी देना चाहते हैं कि यह किसान की पगड़ी, उसका कफन है। जब-जब देश को जरूरत पड़ी है, हमने अन्न देकर देश को भूखा नहीं रहने दिया और आगे भी जरूरत पड़ी तो पाकिस्तान की जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर वहां का अन्न बर्बाद कर देंगे, क्योंकि उसी अनाज से आतंकवादी पनपते हैं।"

मार्च के दौरान सेना के समर्थन में नारे गूंजे

मार्च के दौरान किसानों में जबरदस्त जोश और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। भारत माता के जयघोष और सेना के समर्थन में नारे गूंजते रहे। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के नौ कैंप तबाह कर दिए हैं। इनमें कई आतंकियों को मारे जाने की खबर है। एयर स्ट्राइक से आतंकियों को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचा है और उनके आकाओं की कमर तोड़ने जैसी कार्रवाई की गई है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article