लखनऊ

यूपी के बागपत में करीब डेढ़ करोड़ की शत्रु संपत्ति नीलाम, पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति से क्या है कनेक्शन?

यूपी के बागपत में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की शत्रु संपत्ति नीलाम की गई। इस संपत्ति का कनेक्शन पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ से भी बताया जाता है।

Image

Enemy property

Photo : Times Now Digital

यूपी के बागपत जिले के कोताना गांव में शत्रु संपत्ति की ऑनलाइन नीलामी की गई है। यह नीलामी लगभग 13 बीघा भूमि की हुई है, जिसे वर्ष 2010 में शत्रु संपत्ति के रूप में घोषित किया गया। बता दें कि शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यलय, लखनऊ की ओर से बांगर में स्थित भूमि को ऑनलाइन नीलाम किया गया, जिसका आधार मूल्य 39 लाख 6 हज़ार रुपये रखा गया था, जो एक करोड़ 38 लाख 16 हज़ार में नीलाम हुई।

परवेज मुशर्रफ से क्या है कनेक्शन?

बता दें कि बागपत के बड़ौत तहसील से लगभग 8 किलोमीटर दूर कोताना गांव है, जहां पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के माता-पिता रहा करते थे, लेकिन आजादी से पहले सन 1943 में वह यहां से छोड़कर दिल्ली रहने लगे और वहीं पर परवेज मुशर्रफ का जन्म हुआ। हालांकि, मुशर्रफ कोताना गांव में कभी नहीं आये और बंटवारे के दौरान उनका परिवार भारत छोड़कर पाकिस्तान में जाकर बस गया।

किसने खरीदा ये शत्रु संपत्ति?

कोताना गांव में स्थित नीलाम हुई शत्रु सम्पत्ति नुरू के नाम से राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। नुरू सन 1965 में पाकिस्तान चले गए थे उनके नाम से दर्ज 13 बीघा भूमि 2010 में शत्रु सम्पत्ति के रूप में घोषित कर दी गई थी, जिसे 5 सितम्बर 2024 को ऑनलाइन नीलामी के जरिये एक करोड़ 38 लाख रुपये में तीन लोगों ने खरीदा है। बताया जा रहा है कि बड़ौत के पंकज कुमार ठेकेदार ने इस भूमि का कुछ हिस्सा ई नीलामी के जरिये खरीद लिया।

उक्त नीलाम संपत्ति को परवेज मुशर्रफ के परिजनों की सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है, लेकिन एडीएम बागपत पंकज वर्मा के अनुसार इसका कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं है। न ही कोई ऐसा प्रमाण सामने आया है कि नुरू, परवेज मुशर्रफ का परिजन था। राजस्व अभिलेख में यह शत्रु संपत्ति नुरू के नाम से दर्ज है जिसे नीलाम किया गया है। कोताना गांव में नीलाम हुई शत्रु संपत्ति परवेज मुशर्रफ के परिजनों की है अथवा नहीं, इसका अभिलेख उपलब्ध होने पर ही स्पष्ट कहा जा सकता है। हालांकि अभी तक ऐसा कोई अभिलेख सामने नहीं आया है, जिससे इसे परवेज मुशर्रफ की संपत्ति कहा जा सके।

नीलाम की गई शत्रु संपत्ति की नीलामी का ब्यौरा

  • खसरा नम्बर 1070 की भूमि की बोली 25.85 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1071 की भूमि की बोली 25.63 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1072 की भूमि की बोली 11.06 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1073 की भूमि की बोली 11.08 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1074 की भूमि की बोली 30.88 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1075 की भूमि की बोली 11.08 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1076 की भूमि की बोली 8.86 लाख रुपया
  • खसरा नम्बर 1078 की भूमि की बोली 13.71 लाख रुपया पर छोड़ी गई है।
Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article