लखनऊ

Lucknow में पुलिस एनकाउंटर, खाकी-बदमाशों के बीच चली ताबड़तोड़ गोलियां; इस गिरोह के 4 शातिर गिरफ्तार

यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिस और ट्रांसफार्मर से तेल व कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश रंजीत के पैर में गोली लगी, जिससे वो बुरी तरह घायल है।

Image

लखनऊ पुलिस मुठभेड़

लखनऊ: मलिहाबाद थाना क्षेत्र के सहिलामऊ गांव में पुलिस और ट्रांसफार्मर से तेल व कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के बीच गुरुवार को मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में कॉपर, एक कार, असलहा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करते थे शातिर

डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर तार चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। माना जा रहा था कि इसके पीछे पूरा गिरोह सक्रिय है। इस आधार पर पुलिस टीम भी सक्रिय रूप से काम कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि यह गिरोह एक ट्रांसफार्मर से चोरी करने की तैयारी में है। सूचना पर पश्चिम जोन की क्राइम टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन उनकी कार एक गड्ढे में फंस गई। कार से तीन बदमाशों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान एक बदमाश, जिसका नाम रंजीत है, भागने की कोशिश करने लगा और उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली रंजीत के पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार किए गए अन्य तीन बदमाशों की पहचान विपिन कुमार गौतम, शिव यादव उर्फ सोनू और मनोज उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान, हथियार और कार बरामद की है। कार में कॉपर का सामान काफी मात्रा में मिला है। फिलहाल, सभी से पूछताछ जारी है ताकि इस गिरोह के अन्य साथियों और उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article