Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में भाग रहे अपराधियों को पकड़ने की चक्कर में एक कांस्टेबल की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। बता दें कि बिजनौर के नगीना रोड स्थित गढ़ी चौराहे पर शुक्रवार देर रात कार सवार कुछ अपराधी ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट कर रहे थे। मारपीट करने की सूचना मिलते ही पीवीआर के कांस्टेबल मनोज और गंगा राम मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख अपराधी वहां से भागने लगे, इसी दौरान नहर में कूदे कांस्टेबल की करंट लगने से मौत हो गई।
खंभे से टूटकर नहर में गिरी बिजली की तार
पुलिस को देख उनसे बचने के लिए अपराधी गोली चलाते हुए कार से भाग रहे थे, तभी सलामाबाद-भरैरा के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से टकराकर नहर में गिर गई। अपराधियों को पकड़ने के लिए दोनों कांस्टेबल भी नहर में कूद गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार की टक्कर से खंभे से तार टूटकर पानी में गिर गया, जिससे नहर में करंट आ गया था। जिस कारण नहर में कूदे कांस्टेबल करंट की चपेट में आए गए।
करंट की चपेट में आने से कांस्टेबल की मौत
अधिकारी ने आगे बताया कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बिजली कटवा कर दोनों कांस्टेबल को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए फौरन अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही घायल अवस्था में बदमाश नीरज को भी गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कांस्टेबल मनोज की मौत हो गई है, जबकि गंगा राम का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि उसके दो साथी भाग गए जिनकी तलाश के लिए कई टीम गठित की गई हैं और पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
