हरदोई में दो ट्रेनों को डिरेल करने की साजिश नाकाम हो गई, जिसमें अराजकतत्वों ने राजधानी एक्सप्रेस और काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस को निशाना बनाने की कोशिश की थी। घटना दलेलनगर और उमरताली के बीच किलोमीटर संख्या 1129/14 के पास हुई, जब शाम 5:45 बजे नई दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने का प्रयास किया गया।
हरदोई में दो ट्रेनों को डिरेल करने की साजिश नाकाम
इस साजिश में डाउन ट्रैक पर लकड़ी के गुटखे और रेलवे ट्रैक को अर्थिंग देने वाले लोहे के तार का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता से ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया और ट्रैक पर रखे बाधाओं को हटाकर रेल अधिकारियों को सूचित किया गया। इस दौरान ट्रेन लगभग 5 से 10 मिनट तक रास्ते में रुकी रही।
जांच-पड़ताल जारी
जानकारी के मुताबिक, इसके बाद, अराजकतत्वों ने पीछे आ रही काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस को भी डिरेल करने की कोशिश की, लेकिन उसके लोको पायलट की सूझबूझ से यह हादसा भी टल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी हरदोई के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, बालामऊ आरपीएफ के प्रभारी समेत स्थानीय रेल अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।
