लखनऊ

छपरा के लिए कल से शुरू होगी स्पेशल वंदे भारत ट्रेन, गर्मी की छुट्टियों में घर जाने की नहीं होगी दिक्कत

गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक स्पेशल वंदे भारत ट्रेन के संचालन का फैसला लिया गया है। जो लखनऊ से लेकर छपरा के बीच चलने वाली है। यह सेवा 27 मार्च से 26 अप्रैल तक जारी रहेगी। आइए जानते हैं इसके शेड्यूल और किराए से जुड़ी सारी जानकारी।

Image

लखनऊ-छपरा रूट पर चलेगी वंदे भारत

गर्मी की छुट्टियों में घर जाने वाले यात्रियों के लिए एक खुशखबरी है। रेलवे ने लखनऊ से छपरा के लिए एक स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। कल, यानी 27 मार्च से शुरू होने वाली ये सेवा 26 अप्रैल तक जारी रहेगी, जिस दौरान ये कुल 27 चक्कर लगाएगी। इस रूट पर यह स्पेशल ट्रेन मंगलवार को छोड़कर बाकी सारे दिन चलेगी।

लखनऊ से छपरा की पहली वंदे भारत

लखनऊ से छपरा के बीच चलने वाली ये पहली वंदे भारत ट्रेन है। जो लखनऊ से चलकर सुल्तानपुर, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया और सुरेमनपुर स्टेशनों पर रुकते हुए छपरा पहुंचेगी। इसकी वापसी भी इसी रूट से होगी और इस दौरान भी यह इन्हीं स्टेशनों पर रुकेगी।

क्या रहेगा शेड्यूल

लखनऊ से छपरा रूट के लिए 02270 लखनऊ-छपरा वंदे भारत, लखनऊ से 14:15 बजे चल कर सुल्तानपुर 16:07 बजे, वाराणसी 18:25 बजे, गाजीपुर सिटी 19:35 बजे, बलिया 20:25 बजे और सुरेमनपुर पर 20:57 बजे रुकते हुए छपरा 21:30 बजे पहुंचेगी। छपरा से लखनऊ रूट के लिए 022269 छपरा-लखनऊ वंदे भारत छपरा से 23:00 बजे खुलकर कर, सुरेमनपुर 23:37 बजे, बलिया 00:07 बजे, गाजीपुर सिटी 1:01 बजे, वाराणसी 2:35 बजे और सुल्तानपुर 4:50 बजे होते हुए सुबह 6.30 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

कितना रहेगा किराया

रेलवे ने लखनऊ-छपरा स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस के बारे में जानकारी दे दी है और नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। करीब एक महीने चलने वाली यह ट्रेन लखनऊ-छपरा रूट के 27 चक्कर लगाएगी। इस स्पेशल वंदे भारत ट्रेन में दो तरह के कोच होंगे, चेयर कार और एग्जिक्यूटिव चेयर कार। लखनऊ से छपरा के लिए चेयर कार में यात्रा करते हैं, तो आपको 1780 रुपये किराया देने होंगे। वहीं, एग्जिक्यूटिव क्लास में यात्रा करने के लिए आपको 3125 रुपये खर्चने पड़ेंगे। इस स्पेशल ट्रेन से जुड़ी बाकी जानकारियां आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article