लखनऊ

बस्ती में दबंगों ने नाबालिग के साथ की मारपीट, चेहरे पर किया पेशाब; पीड़ित ने सदमे से की आत्महत्या

यूपी के बस्ती में दबंगों ने किशोर के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के चेहरे पर पेशाब तक कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने आत्महत्या कर ली है। इस मामले में थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : Times Now Digital

बस्ती जिले के कप्तानगंज इलाके में 17 वर्षीय एक किशोर ने दबंगों द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने और उसके चेहरे पर पेशाब किए जाने के बाद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर इस कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण गोपाल चौधरी ने बताया कि इस घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा थाना कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश देते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मामले की जांच शुरू

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशोर के मामा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। सीओ ने कहा, ‘‘मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

किशोर संत कबीर नगर जिले के निघरी गांव का निवासी था जो बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कोइलपुरा गांव में अपने मामा के घर रहता था।

आरोपी ने पीड़ित को पार्टी के बहाने बुलाया

घटना के संदर्भ में परिजनों ने आरोप लगाया है कि 20 और 21 दिसंबर की दरमियानी रात आदित्य (17) को जन्मदिन पार्टी के बहाने गांव के विनय कुमार ने फोन कर बुलाया और जब आदित्य पार्टी में शामिल होने गया तो वहां पर चार लोग मौजूद थे। किशोर की मां ने आरोप लगाया कि पहले आदित्य को निर्वस्त्र कर पीटा गया और फिर उसके मुंह पर पेशाब कर इस कृत्य का वीडियो बना लिया।

किशोर के साथ अमानवीय व्यवहार

परिजनों का आरोप है कि जब आदित्य ने वीडियो डिलीट करने की गुजारिश की तो उसको थूक चटाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। परेशान होकर आदित्य ने अपने परिजनों को सारी बात बताई, इसके बाद परिजनों ने कप्तानगंज थाने पर तहरीर दी।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर ले ली लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।

पीड़ित ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

इसके बाद आहत होकर आदित्य ने 23 दिसंबर को अपराह्न करीब एक बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के रवैये से नाराज परिजन सोमवार को आदित्य का शव लेकर कप्तानगंज थाना पहुंच गए और घंटों इंतजार के बाद भी जब कार्रवाई का कोई आश्वासन नहीं मिला तो परिजन शव को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

इसके बाद उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सौंपा। चौधरी ने बताया कि मामले में कप्तानगंज के थाना प्रभारी दीपक कुमार दुबे को निलंबित कर दिया गया है।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article