लखनऊ

सावधान! अयोध्या एक्सप्रेस में है बम, ट्रेन को चारबाग से पहले उड़ा देंगे; धमकी के बाद हाई अलर्ट

दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। बाराबंकी से लेकर लखनऊ तक ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया और खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं तथा रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। बाराबंकी में ट्रेन के रुकते ही हर डिब्बे में तलाशी ली गई।

Image

अयोध्या एक्सप्रेस में बम की धमकी

लखनऊ: अयोध्या से दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस में शुक्रवार देर शाम बम होने की धमकी मिली जिसके बाद यहां ट्रेन को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने बताया कि दो घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाए जाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14205) में बम होने की धमकी शुक्रवार देर शाम फोन के जरिए मिली जिसके बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

फोन कॉल पर धमकी

उसने बताया कि फोन कॉल करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि ट्रेन को चारबाग स्टेशन से पहले बम से उड़ा दिया जाएगा और यह सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और बम निरोधक दस्ते ने ट्रेन की सघन तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि बाराबंकी से लेकर लखनऊ तक ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया और खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं तथा रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। बाराबंकी में ट्रेन के रुकते ही हर डिब्बे में तलाशी ली गई।

पुलिस ने बताया कि ट्रेन के एस-8 डिब्बे के शौचालय के अंदर एक संदेश लिखा हुआ मिला कि ट्रेन को लखनऊ चारबाग स्टेशन पर उड़ा दिया जाएगा। इस संदेश में ‘बम मिनी आरडीएक्स 8/7 यूसी 100 मिमी टाइमर’ का विवरण दिया गया था और अधिकारियों से इस धमकी को गंभीरता से लेने को कहा गया था। संदेश में दावा किया गया था कि बम एस-4/एस-5 डिब्बे में एक बैग में है ।

बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सेना के बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया और फोन पर धमकी देने वाले व्यक्ति का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है। प्रभारी जीआरपी जयराम यादव ने बताया कि गहन तलाशी के बाद ट्रेन को दो घंटे बाद बाराबंकी स्टेशन से आगे के लिए (लखनऊ) रवाना किया गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article