लखनऊ

Barabanki Accident: बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आए तीन भाई, दो की मौत

Barabanki Accident: यूपी के बाराबंकी जिले में बाइक पर सवार तीन लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए आगे चला गया। इस हादसे में दो भाईयों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है

Image

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा

Barabanki Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक सड़क हादसा हो गया है। यहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो भाईयों की मौत हो गई है और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा हैदरगढ़ कोतवाली इलाके में लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का है। पुलिस ने बताया कि जिला अमेठी थाना शिवरतनगंज क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर निवासी देवी प्रसाद लोधी के तीन पुत्र चंदन कुमार (26), सूरज (23) और रघुनंदन (17) शटरिंग का काम करते थे और शनिवार को एक साथ लखनऊ गए थे।

पुलिस के अनुसार, तीनों सोमवार की रात बाइक से अमेठी लौट रहे थे, तभी हैदरगढ़ के आगे विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंदन और रघुनंदन सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलकर आगे निकल गया। पुलिस ने तीनों को केंद्रीय स्वास्थ्य केंद्र, हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चंदन और रघुनंदन को मृत घोषित कर दिया। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

घर में पसरा मातम

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे के बारे में सूचित किया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। हैदरगढ़ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से ट्रक और उसके चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article