लखनऊ

बहराइच में भेड़िए के खौफ ने उड़ाई नींदे, रातभर जागकर पहरा दे रहे ग्रामीण, डर के साए में बीत रहा समय

बहराइच के महसी तहसील में ग्रामीणों का जीवन भेडिए के डर के साए में बीत रहा है। भेड़िए ने अब तक 10 लोगों को अपना शिकार बनाया है। वन विभाग ने अभी तक 4 भेड़ियों को पकड़ लिया है और दो भेड़ियों का आतंक भी भी बरकरार है। भेड़िए के हमले के डर से लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं।

Image

बहराइच में भेड़िए का आतंक (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Wolf Terror in Bahraich: उत्तर प्रदेश का बहराइच जिला इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। जिले के महसी तहसील में नरभक्षी भेड़ियों का आतंक है। भेड़िये एक महिला समेत 10 मासूमों को अपना शिकार बना चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भेड़ियों के हमलों में 51 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। लोगों में भेड़ियों की दहशत है। इलाके में रहने वाले लोगों के लिए हर रात चुनौती बनकर आ रही है। ग्रामीण खुद नहीं जानते कि किस रात किसका बच्चा इनका शिकार बन जायेगा। लोग रात-रात भर जागकर अपनी और अपने बच्चों की रक्षा कर रहे हैं। इस बीच राहत की खबर ये है कि वन विभाग की टीम ने अब तक चार भेड़ियों को पकड़कर पिंजरे में कैद कर दिया है।

अभी भी दो भेड़ियों का आतंक

अभी भी दो भेड़ियों से 50 गांवों के लोगों में दहशत है। इससे बचने के लिए ग्रामीणों के साथ गांव-गांव लगाए गए कर्मचारी सभी को जागरूक कर रहे हैं और लोगों को घरों के भीतर सोने की हिदायत दे रहे हैं। स्थानीय निवासी अनिकेत सिंह ने बताया कि हम भेड़ियों के आतंक से डरे हुए हैं। चार भेड़िये पकड़े गए हैं और दो भेड़ियों का अभी भी आतंक जारी है। अभी पूरी तरह से खतरा टला नहीं है। हम गांव-गांव जाकर रात-रात भर घुमकर लोगों को जगाते हैं और लोगों को बताते हैं कि खतरा टला नहीं है।

घरों के अंदर रहने की हिदायत

एक कर्मचारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भेड़िये के हमले की वजह से हम लोगों को जगाने के लिए रात में पहरा दे रहे हैं। हम लोगों को घर के अंदर रहने की हिदायत दे रहे हैं ताकि वे सुरक्षित रहें। हम घर-घर जाकर लोगों से कहते हैं कि अभी खतरा टला नहीं है, घर के भीतर रहे और सुरक्षित रहें। गांव में पहरा दे रहे अन्य कर्मचारियों का कहना है कि घर-घर जाकर हम लोग सभी को घर के अंदर सोने के लिए हिदायत देते हैं। अगर कोई नहीं मानता है तो उसके साथ शक्ति से भी पेश आते हैं। हमें हर हाल में मासूमों और ग्रामीणों की जिंदगी बचानी है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article