लखनऊ

Badaun Fire: बदायूं के गांव में आग का तांडव, 200 घर जलकर राख, सैकड़ों पशुओं की झुलसने से मौत

बदायूं के टप्पा जामनी गांव में देर रात आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आने से 200 घर जलकर राख हो गए और सैकड़ों पालतु पशुओं की मौत हो गई।

Image

बदायूं के गांव में आग का तांडव

Badaun Fire: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र के टप्पा जामनी गांव में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 200 घर जलकर राख हो गए। साथ ही एक व्यक्ति के झुलसने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आंधी के चलते ट्रांसफॉर्मर से चिंगारी निकली थी, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा गांव आग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि आग ने लगभग 200 घरों को अपने चपेट में ले लिया और पूरा गांव राख के ढेर में तब्दील हो गया।

घरों से भागकर लोगों ने बचाई अपनी जान

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक गांव के लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई, लेकिन एक व्यक्ति आग में झुलस कर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। इस हादसे में सैकड़ों की संख्या में पालतू पशु जलकर मर गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कर शुरू कराया। हालांकि, दमकल की गाड़ियां जब तक गांव पहुंचीं तब तक पूरा गांव राख में तब्दील हो चुका था।

दमकल, मेडिकल टीम घटनास्थल पर मौजूद

जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि तेज आंधी की वजह से यह हादसा हुआ है। पुलिस प्रशासन दमकल, मेडिकल की सारी टीम और एम्बुलेंस घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। एक व्यक्ति सामान्य रूप से झुलस गया है। हालांकि बड़ी संख्या में जानवरों की मौत होने की बात कही जा रही है इस नुकसान का जल्द से जल्द मूल्यांकन करके प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाया जाएगा जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें भी मदद दी जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article