Anant Chaturdashi 2024: उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर को सभी मीट की दुकानें और स्लॉटर हाउस बंद रहेंगे। योगी सरकार ने अनंत चतुर्दशी के मौके पर यह निर्देश दिया है। इस बाबत नगर विकास विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। इस संबंध में जैन समुदाय की ओर से प्रशासन से आग्रह किया गया था। जिसके बाद प्रदेश सरकार ने यह फैसला किया। इसके तहत संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करवाने का भी निर्देश दिया गया है।
जैन समाज की ओर से किया गया आग्रह
अनंत चतुर्दशी हिंदुओं के साथ ही जैन धर्मावलंबियों का भी खास त्योहार है। जैन समाज की ओर से अनंत चतुर्दशी के अवसर पर यूपी में सभी पशुवधशालाों और मांस की दुकानों को बंद रखने का आग्रह किया गया। यूपी सरकार ने जैन समुदाय की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए और उनके अनुरोध का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया है। यूपी सरकार के इस आदेश के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। जिससे प्रदेश में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे।
दसलक्षण त्योहार 8 सितंबर से हुआ शुरू
नगर विकास विभाग के अनुसार जैन धर्म के अनुयायियों का प्रमुख त्योहार 'दशलक्षण' 8 सितंबर से शुरू हुआ है। यह पर्व 17 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन संपन्न होने वाला है। इस त्योहार को यूपी के लाखों जैन अनुयायी भक्ति भाव के साथ मनाते हैं। अनंत चतुर्दर्शी का खास महत्व हिंदू धर्म में पहले से ही है। हिंदू धर्म में इस त्योहार को हर साल भाद्रपदमाह की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्ण के अनंत स्वरूप की पूजा होती है। साथ ही धूमधाम के साथ गणेश जी की विदाई होती है।
