लखनऊ

जर्जर इमारत में खेल रहे थे बच्चे, अचानक गिरी दीवार; दो मासूमों की मौत

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में रविवार को दो बच्चे एक जर्जर इमारत में खेल रहे थे। इसी दौरान दीवार गिरने से उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। पुलिस प्रशासन मलबा हटाने के काम में जुटी है। इस हादसे के बाद जर्जर इमारत को गिराया जा रहा है।

Image

सांकेतिक फोटो

UP News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। हलधरपुर थाना क्षेत्र के बेलौझा गांव में दीवार गिरने से दो बच्चे मलबे में दब गए। जिससे उनकी मौत हो गई।अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

सालों से खाली थी जर्जर इमारत

मऊ के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि यह एक पुरानी जर्जर इमारत थी जिसमें पहले कभी कताई बुनाई का कार्य किया जाता था, लेकिन सालों से यह इमारत खाली थी। उन्होंने बताया कि रविवार को स्कूलों में छुट्टी का दिन होने के कारण बच्चे यहां खेल रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

पुरानी जर्जर इमारत को गिराने की कार्रवाई

एडीएम ने बताया कि हादसे में बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृत बच्चों की पहचान बेलौझा गांव निवासी शिवम (13) और अरुण (10) के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और यहां पर पुराने जर्जर भवन को गिराया जा रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article