UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश पिछले कई दिनों से भीषण ठंड की मार झेल रहा है। साथ ही शीतलहर और कोहरा भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सुबह और रात के समय घने कोहरे के चलते लोगों को थोड़ी दूरी पर भी साफ नहीं दिखाई दे रहा है। जिसके चलते यातायात पर बुरा असर हो रहा है। वहीं शीतलहर भी लोगों को घर में दुबने को मजबूर कर रही है। यूपी में भीषण ठंड से अभी राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं, बल्कि प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक यूपी में कुछ जगहों पर शीत दिवस से अत्यंत शीत दिवस होने की चेतावनी जारी की है। साथ ही घने कोहरे से अत्यंत घने कोहरे का भी अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिनमें मुजफ्फरनगर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाके शामिल हैं। वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाको में शीत दिवस होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मेरठ, बागपत, शामली, गाजियाबाद, मथुरा, अलीगढ़ समेत कई जगह बूंदाबांदी और ओले पड़ने की भी संभावना है।
यूपी में फिर होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार यूपी में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की गिरावट होने के आसार हैं। प्रदेश में 10 जनवरी तक कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। वहीं 11 और 12 जनवरी को एक बार फिर बारिश होने की का अनुमान जताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके प्रभाव से यूपी के मौसम में बदलाव आ सकता है।
पश्चिमी यूपी में हुई हल्की बारिश
उत्तर प्रदेश में सोमवार को मेरठ समित पश्चिमी हिस्से में कुछ जगहों पर सुबह के समय हल्की बौछार पड़ी। दिन में बादल छाए रहे और शाम के समय सर्द हवाएं भी चली। प्रयागराज में बीते कई दिनों से ठंड से कांप रहे लोगों को हल्की धूप ने राहत दी। वहीं गोरखपुर में भी चटख धूप निकली। जिससे अधिकतम तापमान में भी इजाफा दिखा। यूपी में सोमवार को सबसे कम तापमान कानपुर सिटी और इटावा में रहा। जिसके बाद फतेहपुर और लखनऊ में भी कम तापमान रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
