लखनऊ

UP Weather Today: फिर बारिश से भीगेगा यूपी, नए पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा वेदर, जानें प्रयागराज के मौसम का हाल

आज का मौसम यूपी, 14 January 2025 UP mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने वाला है। हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिन बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। आज मकर संक्रांति के दिन प्रयागराज में भी मौसम साफ रहने के आसार हैं।

Image

यूपी का मौसम

UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। साथ ही सर्द हवाएं भी लोगों की कपकपी छुड़ा रही है। इस दौरान बीच-बीच में बारिश की भी दस्तक हो रही है। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले दिनों यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी। सोमवार को इसका प्रभाव खत्म होने से सुबह आसमान साफ रहा और दोपहर में धूप भी खिली। हालांकि इस बीच सर्द हवाओं का सितम भी जारी रहा। जिससे दिन में ठंडक का भी एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 14 जनवरी की रात को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से अगले दो दिन यूपी में बारिश होने की संभावना है।

आज यूपी में शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं पर घने से बहुत घना कोहरा छाने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसका असर यूपी में भी देखने को मिलेगा।

कल यूपी में होगी बारिश

आईएमडी के अनुसार 15 और 16 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना है। 15 जनवरी को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। 17 से 19 जनवरी के दौरान यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में कुछ जगहों पर बारिश भी दर्ज की गई। इस अवधि में प्रयागराज में 4.8 मिमी, फुरसतगंज में 1.2 मिमी, सुल्तानपुर में 1.2 मिमी, गोरखपुर में 0.1 मिमी, वाराणसी में 2.2 मिमी और चुर्क में 1.2 मिमी बारिश हुई।

आज प्रयागराज का मौसम

आज मकर संक्रांति के दिन प्रयागराज में महाकुंभ का पहला अमृत स्नान है। इस दिन कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए आते हैं। आज भी भारी संख्या में श्रद्धालु डुबकी लगाने आएंगे। मकर संक्रांति के दिन आज प्रयागराज में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बुधवार 15 जनवरी को भी मौसम साफ रहने वाला है। सुबह के समय कोहरा भी छाया रह सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article