UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में अभी कड़ाके की ठंड शुरू नहीं हुई है। लेकिन धीरे-धीरे सर्दी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में तापमान में करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। फिलहाल यूपी में दोपहर में ठीकठाक धूप निकल रही है। वहीं सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है। शहरी इलाकों में भले ही अभी हल्की ठंड महसूस हो रही हो। लेकिन ग्रामीण इलाकों में ठंड का ज्यादा एहसास हो रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ने के आसार हैं।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें गोरखपुर, गोंडा, बलरामपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, सहारनपुर, श्रावस्ती, बहराइच, शामली लखीमपुर खीरी, सीतापुर, देवरिया, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल हैं। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अगले तीन दिन कोहरे का येलो अलर्ट
IMD के अनुसार 28 से 30 नवंबर तक पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तड़के सुबह और देर रात के समय कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 1 और 2 दिसंबर को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं सुबह के समय छिछले से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि इस दौरान किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बुलंदशहर में रहा सबसे कम तापमान
मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार सबसे कम तापमान बुलंदशहर में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा अयोध्या का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, गोरखपुर का 12.7 डिग्री, मेरठ का 10 डिग्री, चुर्क का 10.6 डिग्री, बरेली में 11.8 डिग्री, लखनऊ का 14.1 डिग्री, प्रयागराज का 14 डिग्री, झांसी का 12.7 डिग्री, इटावा का 11.6 डिग्री और गाजीपुर का 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झांसी में 30.5 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा इटावा का अधिकतम तापमान 26 डिग्री, लखनऊ का 28.7 डिग्री, प्रयागराज का 29.6 डिग्री, आगरा का 27.8 डिग्री, मेरठ का 24.7 डिग्री, मुजफ्फरनगर का 25.2 डिग्री, कानपुर नगर का 29.2 डिग्री, वाराणसी बीएचयू का 30 डिग्री, लखीमपुर खीरी का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
