UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में मॉनसून की विदाई के बाद से मौसम शुष्क बना है। साथ ही तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात में लोगों को ठंड भी महसूस होने लगी थी। लेकिन यूपी में मौसम ने फिर से करवट ली है। प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का अहसास हो रहा है। दिन में तेज धूप के चलते रात में भी गर्मी हो रही है। रात में ठंडक होने से लोगों ने एसी कूलर बंद कर दिए थे और पंखे पर आ गए थे। लेकिन गर्मी बढ़ने से लोग फिर से एसी कूलर का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। लेकिन गुरुवार को मौसम बदलता हुए नजर आएगा। इस दिन यूपी के कई हिस्सों हल्की बारिश के आसार हैं।
गुरुवार को इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। गुरुवार को यूपी के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 24 अक्टूबर को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इस अवधि में किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। गुरुवारो सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर और चंदौली में बारिश होने की संभावना है। साथ ही देवरिया, गाजीपुर, मऊ और बलिया में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।
28 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 25 अक्टूबर को आसमान साफ रहेगा और मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना है। 26 से 28 अक्टूबर तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
मुजफ्फरनगर में रहा सबसे कम तापमान
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में न्यूनतम तापमान 18℃ से भी नीचे आ गया है। मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार मुजफ्फरनगर में 17.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं नजीबाबाद में 18.5 डिग्री, मेरठ में 19 डिग्री, बुलंदशहर में 19 डिग्री और आगरा ताज में 19.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
