UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश के बारिश के दौर पर कुछ दिनों के लिए ब्रेक लग गया है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही थी। जिससे मौसम भी ठंडा हो गया था। लेकिन बारिश में कमी आने के बाद एक बार फिर यूपी में उमस और गर्मी बढ़ गई है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। आज भी प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में अच्छी धूप निकलने का अनुमान है। आइए जानते हैं कि यूपी में आने वाले दिनों में कैसा मौसम रहेगा।
यूपी के मौसम का हाल
यूपी में आज नहीं होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में बिजली गिरने और बादल गरजने का अलर्ट जारी किया गया है। 16 सितंबर को भी पूर्वी यूपी में पश्चिमी यूपी की तुलना में अधिक बारिश होने की संभावना है। इस दिन पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी बारिश के साथ ही मेघगर्जन के साथ ही वज्रपात के भी आसार हैं। 17 सितंबर को दिनों हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है।
आने वाले दिनों में यूपी का मौसम
यूपी में 18 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दिन कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। वहीं 19 और 20 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। इस अवधि में कहीं भी भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।
प्रयागराज में 34.9 डिग्री तापमान रहा
शनिवार को यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मुरादाबाद में 3.2 मिमी बारिश हुई है, वहीं मेरठ में 0.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है। तापमान की बात करें तो शनिवार को यूपी में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 34.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी बीएचयू में 34.3 डिग्री, अयोध्या में 34 डिग्री, कानपुर में 33.4 डिग्री, आगरा में 32 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 27.7 डिग्री, मेरठ में 29.7 डिग्री, मुरादाबाद में 27.2 डिग्री, नजीबाबाद में 28.5 डिग्री और बरेली में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
