लखनऊ

आखिरी मौका! अगर नहीं दिया चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा तो यूपी राज्य कर्मियों का रोका जाएगा वेतन

यूपी में 30 सितंबर तक राज्य कर्मचारियों को अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा देने का अंतिम दिन है। जो भी कर्मचारी अपनी दोनों तरह की संपत्ति का ब्यौरा मानव संपदा पोर्टल पर नहीं दर्ज कराएंगे, उनका वेतन रोक लिया जाएगा।

Image

(प्रतिकात्मक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों को अपनी संपत्ति का ब्यौरा सरकार को देना होगा। इसमें चल-अचल संपत्ति का रिकॉर्ड दर्ज कराना होगा। यदि कर्मचारियों ने सरकार के इस फैसले को मानने में कोई हीलाहवाली की तो उनका वेतन भी रोका जा सकता है। अभी तक कई विभागों में तैनात कर्मचारियों ने इस ऑर्डर का पालन नहीं किया, जिससे उनका वेतन रोक लिया गया है, जिसमें सबसे अधिक बिजली विभाग से जुड़े लोग शामिल हैं। सरकार ने राज्य कर्मचारियों को अपनी चल-अचल संपत्ति देने का अंतिम दिन 30 सितंबर निर्धारित किया था, जिसका आज आखिरी दिन है।

आज आखिरी मौका

यूपी में सोमवार यानी 30 सितंबर तक राज्य कर्मचारियों को अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा देने का अंतिम दिन है। मानव सम्पदा पोर्टल पर ब्यौरा देना होगा। पहले इसकी अंतिम तारीख 31 अगस्त थी जो बाद में बढ़कर 30 सितम्बर कर दी गई थी। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी कड़े दिशा-निर्देशों के बाद भी राज्य सरकार के 52 हजार कर्मचारियों ने अभी तक अपनी संपत्ति का ब्यौरा नहीं दिया है। राज्य में अभी मौजूदा वक्त में सरकारी कर्मचारियों की संख्या 8,36,571 है।

94 फीसदी कर्मचारियों ने दिया संपत्ति का ब्यौरा

सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी के हिसाब से अबतक 7,83, 901 कर्मचारी यानी 94 फीसदी कर्मचारियों ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा दे दिया है। शेष कर्मचारियों के लिए आज अंतिम दिन है। जो भी कर्मचारी आज भी अपना ब्यौरा दर्ज नहीं कराएगा, उसकी सितंबर माह की सैलरी रोक ली जाएगी। 29 सितंबर तक पावर कॉर्पोरेशन और विद्युत निगमों में कार्यरत 7572 अभियंताओं और अन्य कर्मियों ने अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा नहीं नहीं दिया था। लिहाजा, इनके खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। निर्देश दिया गया है कि जबतक ये कर्मचारी ब्यौरा न दें तबतक उनके वेतन का भुगतान न किया जाए।

इन कर्मचारियों ने नहीं दिया ब्यौरा

  • मध्यांचल विद्युत वितरण निमम 3033
  • पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम 1674
  • पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम 1669
  • दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम 981
  • पावर कॉर्पोरेशन मुख्यालय 170
  • कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी 45
Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article