शहर

इन शानदार फीचर्स के साथ Lucknow Kanpur Expressway का हुआ शुभारंभ, अब 40 मिनट में होगा सुपरफास्ट सफर

उत्तर प्रदेश को बेहतर सड़क संपर्क की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। लखनऊ और कानपुर के बीच 63 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने के साथ अब दोनों शहरों के बीच सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगा। इस परियोजना से न सिर्फ यात्रा का समय घटेगा, बल्कि व्यापार, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Image

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से मिली यूपीवासियों को एक और विकास सौगात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर को तेज और सुगम बनाने वाला 63 किलोमीटर लंबा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (Lucknow Kanpur Expressway) सोमवार को आम जनता के लिए समर्पित कर दिया गया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से आज 13 जुलाई को इसका उद्घाटन किया। करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस छह लेन के एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अब लखनऊ से कानपुर की यात्रा, जो पहले लगभग तीन घंटे में पूरी होती थी, महज 40 मिनट में संभव होगी। यह परियोजना दोनों शहरों के बीच यातायात को तेज करने के साथ-साथ औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे पर तीन इंटरचेंज, दो फ्लाईओवर, एक रोड ओवरब्रिज (आरओबी), चार बड़े पुल, 25 छोटे पुल, 12 वाहन अंडरपास, 14 हल्के वाहनों के अंडरपास, 11 पैदल यात्री अंडरपास और यात्रियों की सुविधा के लिए दो वे-साइड सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से लैस

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को आधुनिक इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) से भी सुसज्जित किया गया है, ताकि यातायात संचालन अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सके। इसके तहत पूरे मार्ग पर 21 वेरिएबल मैसेज साइन (VMS), 63 पीटीजेड (PTZ) कैमरे, 27 वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम (VIDS), 62 इमरजेंसी कॉल बॉक्स, छह स्पीड मेजरमेंट रडार और नौ स्टैटिक वेइब्रिज स्थापित किए गए हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच संपर्क व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक बेहतर होगी। साथ ही मौजूदा राजमार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी। बेहतर यातायात प्रवाह के कारण ईंधन की बचत होगी और कार्बन उत्सर्जन में भी काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।

Lucknow Kanpur Expressway

कई शानदार सुविधाओं से लैस है लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे

किन-किन चीजों को मिलेगा बढ़ावा?

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के संचालन से कृषि उपज और औद्योगिक सामान की ढुलाई पहले की तुलना में अधिक तेज और आसान होगी। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे के आसपास वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, उद्योग, पर्यटन और आवासीय परियोजनाओं के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 541 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एक अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का भी उद्घाटन किया। इसके तहत हरदोई-लखनऊ सीमा से लखनऊ रिंग रोड तक राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के 32 किलोमीटर लंबे हिस्से को चार लेन में विकसित किया गया है। सरकारी बयान के मुताबिक, इस परियोजना से लखनऊ और हरदोई के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा, ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और मलिहाबाद के प्रसिद्ध आमों को देश-विदेश के बाजारों तक कम समय में पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी।

प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना

सरकारी बयान के अनुसार, इन सड़क परियोजनाओं से ईंधन की खपत और वाहनों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही सीतापुर रोड, मोहन रोड, हरदोई रोड और अन्य प्रमुख मार्गों के बीच संपर्क व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत और सुगम होगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री ने लखनऊ में राष्ट्रीय राजमार्ग-24ए (एनएच-24ए) पर इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बनने वाले लगभग एक किलोमीटर लंबे चार लेन फ्लाईओवर का भी शिलान्यास किया। करीब 109 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लक्ष्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना है। अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाईओवर बनने के बाद आसपास के शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा सीतापुर रोड, फैजाबाद रोड, जानकीपुरम, अलीगंज, कुर्सी रोड, विकास नगर, टेढ़ी पुलिया और खुर्रम नगर की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी अधिक बेहतर होगी। बेहतर यातायात व्यवस्था के चलते ईंधन की बचत होगी और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना है।

Lucknow Kanpur Expressway

लखनऊ से कानपुर का सफर हुआ सुपरफास्ट

कई और सड़क परियोजनाओं पर कार्य जारी

आधिकारिक बयान के अनुसार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर कार्य कर रहे हैं। इन परियोजनाओं का लक्ष्य सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना, व्यापार और उद्योग को गति देना तथा लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को अधिक प्रभावी बनाना है। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री एवं लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। इसके अलावा उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज, कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article