Darshan Electric Double Decker Bus: नवाबों की नगरी व यूपी की राजधानी लखनऊ अपने आप में हाईटेक होता जा रहा है। तमाम ऐतिहासिक विरासतों, गोमती रिवरफ्रंट के बाद अब कुकरैल वन क्षेत्र में नाइट सफारी विकसित की जा रही है। राज्य भर से लोग लखनऊ घूमने के वास्ते आते हैं। ऐसे में लोगों को लखनऊ दर्शन में समस्या न हो, इसके लिए डबल डेकर बस चलाकर सुविधाएं प्रदान करने के दिशा में कदम उठाया गया है। अब 1090 चौराहे से देशी-विदेशी पर्यटकों एवं शहरवासियों को लखनऊ की धरोहरों से परिचित कराने के लिए 'लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस” सेवा को हरी झंडी दिखाकर रेजीडेंसी के लिए रवाना किया गया।
यह बस 1090 चौराहे से चलकर विधानसभा, हजरतगंज एवं अन्य स्थलों का भ्रमण कराकर अंत में ऐतिहासिक रेसीडेंसी भवन पहुंचेगी। यात्रियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी होगी। साथ ही उन्हें तुलसी का बीज प्रदान किया जाएगा। लखनऊ दर्शन बस में प्रशिक्षित गाइड भी होंगे, जो विभिन्न स्थानों के इतिहास के बारे में बताएंगे। लखनऊ का गौरवशाली अतीत एवं समृद्ध परंपराएं है। यहां पर जगह-जगह ऐतिहासिक भवन एवं धार्मिक स्थल मौजूद हैं। नयी पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के लिए तथा विदेशी पर्यटकों को लखनऊ की गौरवगाथा से परिचित कराने के लिए लखनऊ दर्शन बस की शुरुआत की जा रही है।
कब से चलेगी डबल डेकर बस
यह डबल डेकर बस सात जनवरी से नियमित रूप से संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ दर्शन सेवा राजधानी के लिए एक नयी उपलब्धि है। राजधानी के विरासत भवनों के इतिहास, कहानियों एवं उनके स्थापत्य कला से देशी-विदेशी पर्यटको को परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ दर्शन बस सेवा को अगले चरण में राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक बढ़ाने का प्रयास रहेगा। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले दिनों में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
लखनऊ डबल डेकर बस का किराया
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) के प्रबंधक निदेशक आशीष कुमार ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के मद्देनजर लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा प्रतिदिन दो पाली (सुबह और शाम) में चलेगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार टूर पैकेज का चयन कर सकते हैं। वयस्कों (12 वर्ष से अधिक आयु) के लिए प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपये और बच्चों (05 से 12 वर्ष आयु) के लिए 400 रुपये प्रति यात्री भुगतान करना होगा। हालांकि, 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी।
