शहर

Mathura: यशोदा नंदन ने धारण किया रामलला का रूप, कृष्ण नगरी में राम नाम की गूंज

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 22, 2024, 02:53 PM IST

Mathura: मथुरा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरा हो गया है। इस दौरान कृष्ण जन्मभूमि भी राम नाम गूंजता हुआ सुनाई दे रहा है। बांके बिहारी मंदिर सहित कई मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण ने राम के रूप में भक्तों को दर्शन दिए हैं।

Image

भगवान कृष्ण ने धारण किया प्रभू श्री राम का रूप

Mathura: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की धूम पूरे ब्रज में देखने को मिल रही है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर यहां उत्साह व उल्लास का माहौल बना हुआ है। अयोध्या और अन्य शहरों की तरह कृष्ण की नगरी ‘राममय’ हो गई है। श्रीकृष्ण की नगरी में हर सड़क, चौराहे पर केवल भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की धूम मची है। यहां केवल राम नाम गूंज रहा है। सब राम की भक्ति में लीन है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उत्साह को और अधिक बढ़ता हुए मथुरा-वृन्दावन नगर निगम ने प्रमुख चौराहों तो विभिन्न कलाकृतियों और बिजली की झालरों से सजाया है।

पूरे मथुरा शहर में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए साज सजावट की गई है। जगह-जगह पर भण्डारे का आयोजन किए गया है। मंदिर के साथ-साथ सरकारी स्तरों पर भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। महानगर के प्रमुख गोवर्धन चौराहा, जिसे अटल चौक के नाम से भी जाना जाता है, पर झांसी के सैंड आर्टिस्ट समीर द्वारा प्रभु श्रीराम के मंदिर की कृति रेत से बनाई गई है। रेत से बनी इस आकृति को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ आई है।

श्री राम के रूप में भगवान कृष्ण ने दर्शन

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान व वृन्दावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य कई मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण ने प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रभु श्रीराम के रूप में भक्तों को दर्शन दिए। यहां भगवान कृष्ण ने बांसुरी के साथ-साथ धनुष बाण भी धारण किया हुआ है। यह एक अद्भुत दृश्य है। जिसे देख श्रद्धालु अभिभूत अनुभव कर रहे थे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर स्थित भागवत भवन के राधा-कृष्ण मंदिर को अयोध्या का स्वरूप देने का प्रयास किया गया। वहीं भगवान राधा और कृष्ण की छवि को भगवान राम और सीता के रूप में तैयार किया गया है। उनका ये रूप अलोलिक है। मंदिर के प्रांगण में सुबह से ही निरंतर प्रसाद वितरण जारी रहा।

राम मंदिर के तरह ही ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर को रोशनी से सजाया गया है। इस शुभ अवसर पर मंदिर जगमगा रहा है। यहां ठाकुर जी ने राम जी के रूप में नहीं बल्कि अपने मूल स्वरूप में ही दिव्य दर्शन दिए। मंदिर में सुबह 10 से 11 बजे तक प्रसाद वितरण किया गया। वहीं दूसरी तरफ प्राचीन केशवदेव मंदिर को सजाकर सुबह सुंदरकांड का पाठ किया गया। महिलाओं ने बधाई गायन किया। यहां ठाकुर जी ने श्री राम के रूप में ही धनुष बाण धारण कर अपने भक्तों को दर्शन दिया।

श्रीराम के 500 स्वरूपों की निकाली गई शोभा यात्रा

वृन्दावन में नगर निगम के सहयोग से वृन्दावन बाल विकास परिषद के तत्वावधान में रविवार को भगवान श्रीराम के 500 स्वरूपों की शोभायात्रा निकाली गई थी। जिसमें विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों के बच्चों ने श्रीराम का स्वरूप धारण कर नगर भ्रमण किया। लोगों ने जगह-जगह शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। परिषद के संरक्षक अवधेश अग्रवाल ने कहा कि आज संपूर्ण विश्व राममय हो रहा है तो भगवान कृष्ण की नगरी भी राम के बाल रूपों से राममय हो रही है। के लिए भक्तों में होड़ मची रही।

End of Article