Ahmedabad Liquor Bust: पिछले साल गुजरात के वडोदरा में एक घर में बंकर बनाकर शराब छुपाने का मामला सामने आया था। अब अहमदाबाद जिले की ग्रामीण पुलिस ने एक और अनोखा तरीका पकड़ लिया है, जो कि टॉयलेट शीट के नीचे शराब की बोतलें छुपाने का है। गुप्त सूचना के आधार पर अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच टीम असलाली थाने के बरेजा गांव में छापेमारी के लिए पहुंची। टीम ने एक साथ दो घरों पर रेड की। शुरूआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन खोजबीन के दौरान पुलिस को एक कमरे में लगे दो स्विच संदिग्ध लगे। जब पुलिस ने उन्हें खींचकर देखा, तो उनके पीछे दीवार में शराब की बोतलें छुपी हुई पाईं।
टॉयलेट शीट के नीचे मिली शराब
पुलिस ने जब दूसरे घर के सामने बने शौचालय की तलाशी ली, तो टॉयलेट शीट के नीचे शराब की बोतलें छुपाने का खुलासा हुआ। एलसीबी अधिकारियों के अनुसार, टॉयलेट शीट ढीली दिखाई दे रही थी, जिससे टीम को शक हुआ। जांच के लिए शीट हटाई गई, तो अंदर बड़ी संख्या में शराब की बोतलें स्टोर मिलीं। इस कार्रवाई में पुलिस ने बरेजा गांव के दो घरों से कुल 792 शराब की बोतलें बरामद कीं, जिनकी कीमत करीब 2.76 लाख रुपये आंकी गई है। अहमदाबाद लोकल क्राइम ब्रांच ने यह ऑपरेशन पुलिस इंस्पेक्टर आर.एन. करमटिया और के.ए. सावलिया के नेतृत्व में अंजाम दिया।
आरोपी मौके से फरार
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच ने गुजरात प्रोहीबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है, ताकि अहमदाबाद में शराब की सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया जा सके। यह कार्रवाई जिले के पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट के निर्देश पर की गई। हाल ही में उन्होंने सभी पुलिस टीमों को शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए थे। टॉयलेट शीट के नीचे शराब छुपाने का यह अनोखा मामला अब सुर्खियों में है।
