Gujarat News: जंगली जानवरों के इंसानों की बस्ती में घुसने की खबर आए दिन सामने आती रहती है। लेकिन गुजरात के इस गांव में कोई एक जानवर नहीं बल्कि जानवर का पूरा झुंड ही घुस आया, गांव में आने वाला ये जानवर कोई और नहीं बल्कि जंगलों का राजा शेर था। दरअसल गिर सोमनाथ जिले के अलीधर गांव में बीती रात को शेर अपने परिवार के साथ घुस आया। रात के अंधेरे में शेरों का झुंड छत पर जा पहुंच और सब दहाड़ लगाने लगे। जिसे सुन गांव वाले दहशत में आ गए। शेर से बचने के लिए गांव वाले अपने घरों मे जा दुबके। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
शेर को गांव से बाहर निकालने के लिए गांव वालों ने वन विभाग को इसकी शिकायत की। गांव में शेर घुसने की सूचना पाकर वन विभाग हरकत में आ गया और विभाग की एक टीम गांव जा पहुंची। जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने शेर को जंगल की ओर खदेड़ दिया। इस दौरान शेर द्वारा किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं आई है।
