जंगल सफारी और वन्य जीवों में रूचि रखने वाले लोग बड़ी संख्या में कॉर्बेट नेशनल पार्क का रूख करते हैं। कॉर्बेट जाने वालों के लिए उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित रामनगर एक तरह से बेसकैम्प है। यहां पर कई रेजॉर्ट और होम स्टे भी मौजूद हैं, जहां पर पर्यटक जाकर रह सकते हैं। यहीं पर रात के अंधेरे में एक होम स्टे के अंदर गुलदार घुस आया। चलिए जानते हैं विस्तार से -
रामनगर के होम स्टे में घुसा गुलदार
दरअसल इन दिनों रामनगर के ग्रामीण इलाकों में हिंसक वन्य जीवों की आबादी की ओर आवाजाही काफी बढ़ गई है। इसकी वजह से रामनगर-हलद्वानी रूट पर मौजूद गांव छोई में बार-बार गुलदार के देखे जाने से लोगों में दहशत बनी हुई है।
छोई गांव के एक होम स्टे में देर रात एक गुलदार के घुस आने का मामला पूरे रामनगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में होम स्टे के अंदर कमरे के बाहर गुलदार को देख पर्यटकों में हड़कंप मच गया।
दरअसल होम स्टे के बाहर ताला लगाकर वहां मौजूद पर्यटक कमरे के अंदर चले गए। इसके बाद गुलदार सीढ़ी के रास्ते होम स्टे की दूसरी मंजिल तक पहुंच गया। गुलदार को देखकर कुत्ता जोर-जोर से भोंकने लगा। कुत्ते का शोर सुनने के बाद पर्यटक जागे और उन्होंने लाइट खोलकर देखा तो बाहर गुलदार घूम रहा था। होम स्टे में उनके कमरे के बाहर गुलदार को घूमता देखकर प्रयटकों के होश उड़ गए।
