Latur Municipal Corporation Election Result: महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ने लातूर में जीत हासिल कर ली है। लातूर नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी गठबंधन को हरा दिया है और बहुमत हासिल कर लिया है। लातूर पूर्व सीएम स्व. विलासराव देशमुख का गढ़ है, जहां चुनाव से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण का बयान विवादों में रहा था, जिसमें उन्होंने दिवंगत पूर्व सीएम विलासराव देशमुख की यादों को लातूर से मिटाने की बात कही थी, जिससे कांग्रेस और देशमुख परिवार ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। चव्हाण ने बाद में अपने बयान के लिए माफी मांगी थी।
लातूर में कांग्रेस को बहुमत
लातूर महानगरपालिका चुनाव 2026 के नतीजों के साथ ही चुनावी प्रक्रिया पूरी हो गई है और शहर की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कुल 70 सीटों वाली लातूर महानगरपालिका में कांग्रेस ने अपने सहयोगी वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ मिलकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। इस चुनाव में कांग्रेस–वंचित बहुजन आघाड़ी गठबंधन ने कुल 47 सीटें जीती हैं। इनमें कांग्रेस ने 43 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि वंचित बहुजन आघाड़ी को 4 सीटें मिलीं। इस स्पष्ट बहुमत के साथ कांग्रेस गठबंधन लातूर महानगरपालिका में सत्ता संभालने की स्थिति में है। इसे लातूर में कांग्रेस की बड़ी और निर्णायक जीत माना जा रहा है।
लातूर में भाजपा को कितनी सीटें
भाजपा को इस चुनाव में 22 सीटों से संतोष करना पड़ा और वह बहुमत से काफी पीछे रह गई। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अजित पवार गुट को केवल 1 सीट हासिल हुई।
