Kota News: राजस्थान में कोटा ग्रामीण जिले में चेचट थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध कार से करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। कार में मौजूद दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों व्यक्ति बरामद रकम के बारे में कोई ठोस या संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए, जिसके बाद मामले की गहन जांच जारी है।
कोटा में चल रहा था यह खास अभियान
कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों, नशीले पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लक्ष्य से खास अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 26 मई को चेचट थाना इलाके में कड़ी निगरानी के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान एएसपी रामकल्याण मीणा और डीएसपी घनश्याम मीणा की निगरानी में चेचट थाना प्रभारी उत्तम सिंह तथा प्रोबेशनर आरपीएस अंकित कुड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोड़क रोड स्थित चेचट के 8 लाइन तिराहे पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस ने गुजरात नंबर की एक संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की।
पूरे मामले की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रुकने का संकेत देने के बावजूद कार चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत बैरिकेडिंग कर कार को रुकवाया और उसमें मौजूद दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान चालक और सह चालक सीट के नीचे बने बॉक्सों से करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसे किस काम में इस्तेमाल किया जाना था। मामले की पड़ताल वित्तीय और आपराधिक दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
