Kota Bus Accident: राजस्थान के कोटा में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हैंगिंग ब्रिज के पास फोरलेन पर एक स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, यह बस अहमदाबाद से मध्य प्रदेश जा रही थी, तभी रास्ते में कोटा पहुंचने पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि जब बस पलटी, तो सामने का शीशा चकनाचूर हो गया और बस के केबिन में यात्रा कर रहे तीन लोग सड़क पर जा गिरे, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
2 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस को हादसे की सूचना रात करीब साढ़े 12 बजे मिली। जिसके बाद कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम, अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। यह दुर्घटना आरके पुरम पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले नयागांव ओवरब्रिज के पास हुई। पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त बस में कई यात्री फंस गए थे। दो घंटे से अधिक समय तक चले और लगभग देर रात ढाई बजे तक जारी रहे एक कठिन अभियान के बाद उन्हें निकाला गया।
मावेशियों के सड़क पर आने से हादसे की आशंका
कोटा शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी ने पुष्टि की कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार हो रहा है। दुर्घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संभवतः कुछ मवेशियों के अचानक सड़क पार करने के कारण बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया होगा। खबरों के मुताबिक, बस में यात्रा कर रहे अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के ग्वालियर और भिंड के रहने वाले हैं।
(इनपुट - भाषा)
