शहर

कोलकाता में ठंड ने तोड़ा सालों का रिकॉर्ड, पश्चिम बंगाल में और जोर पकड़ेगी सर्दी, कोहरे का भी अलर्ट

पश्चिम बंगाल में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी है। मंगलवार को कोलकाता में जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण और उत्तर बंगाल में ठंड में और इजाफा हो सकता है।

Image

सांकेतिक फोटो (PTI)

Photo : PTI

West Bengal Weather Today: पश्चिम बंगाल में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। साथ ही कई जिले घने कोहरे की आगोश में हैं। मौसम विभाग क ेअनुसार कोलकाता में मंगलवार को जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों में दक्षिणी पश्चिम बंगाल में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, कोलकाता में पिछले 15 वर्षों में जनवरी के महीने में केवल एक बार तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंचा था। ऐसा वर्ष 2023 में हुआ था जब तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पहले दिसंबर 2012 में शहर का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था जबकि अब तक का सबसे कम तापमान (7.2 डिग्री सेल्सियस) दिसंबर 1965 में दर्ज किया गया था।

पश्चिम बंगाल में कहां कितना तापमान

कोलकाता से सटे कई इलाकों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। आईएमडी के अनुसार, दमदम में न्यूनतम तापमान 9.5 और हावड़ा में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य के मैदानी इलाकों में बीरभूम जिले का श्रीनिकेतन 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में दार्जिलिंग में यह 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के प्रमुख शहरों में सिलीगुड़ी में 10.6 और आसनसोल में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा

सुबह के समय कोलकाता में घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता प्रभावित हुई। आईएमडी ने बताया कि शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी जिलों में शीत लहर की स्थिति और गंभीर हो सकती है, वहां बुधवार और गुरुवार को तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले चार से पांच दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की उम्मीद है। इस अवधि के दौरान दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है।

घने कोहरे से घटी विजिबिलिटी

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक अधिकतर जिलों में खासकर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है जिससे दृश्यता कम होगी। इसके साथ ही दक्षिण दिनाजपुर, उत्तर दिनाजपुर और मालदा के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने लोगों से, विशेषकर बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रस्त लोगों को बढ़ती ठंड को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article