राजस्थान में पंचायत चुनावों में बीजेपी को मिले झटके के बाद पार्टी के भीतर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने हरियाणा में हुए नेतृत्व परिवर्तन का उदाहरण देकर कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलकर भी चुनाव जीता जा सकता है। हालांकि, उन्होंने राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की कोई सीधी मांग नहीं की। लेकिन उनके बयान को प्रदेश में नेतृत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजस्थान में CM बदलने की चर्चा के बीच किरोड़ी लाल मीणा का बयान
BJP प्रदेश कार्यालय में मदन राठौड़ से मिले किरोड़ी
दरअसल, किरोड़ी लाल मीणा बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया ने उनसे पंचायत चुनावों में पार्टी की हार के कारणों को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल हार के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पार्टी इन नतीजों की समीक्षा करेगी और कमियों को दूर करने के लिए मंथन करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी दोबारा जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हार की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से सभी को लेनी चाहिए।
हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का दिया उदाहरण
पंचायत चुनाव के नतीजों का आगामी विधानसभा चुनाव पर असर पड़ने से जुड़े सवाल पर किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि चेहरा बदलकर भी जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने इसके लिए हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाकर नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल की।
राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा को मिली हवा
किरोड़ी लाल मीणा ने अपने बयान में राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की न तो सीधे तौर पर मांग की और न ही कोई स्पष्ट सुझाव दिया। हालांकि, हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का जिक्र कर उन्होंने राजस्थान में भी नेतृत्व को लेकर राजनीतिक चर्चा को हवा दे दी है। पंचायत चुनावों में हार के बाद आए इस बयान को पार्टी के भीतर चल रहे मंथन के बीच अहम माना जा रहा है।
