शहर

पटना में गोलीबारी कांड के बाद खान सर से पुलिस ने की पूछताछ, सुरक्षा में तैनात दोनों बॉडीगार्ड गिरफ्तार

पटना में खान सर की कोचिंग से जुड़े मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने इस केस में खान सर से पूछताछ की है और जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं, दोनों गार्ड्स की गिरफ्तारी के बाद मामले में कार्रवाई और तेज हो गई है।

Image

खान सर (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Khan Sir: पटना में खान सर की कोचिंग से जुड़े मामले ने अब नया रुख ले लिया है। खान सर से पुलिस ने पूछताछ की है। इस मामले को लेकर SSP ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर खान सर को जल्द ही दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। SSP के अनुसार खान सर के दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि गार्ड्स द्वारा फायरिंग से जुड़ी जो जानकारी दी गई है, उसी आधार पर आगे की जांच और पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि खान सर से पहली बार पूछताछ उनके कोचिंग परिसर में ही की गई थी, लेकिन अब उन्हें आगे की जांच के लिए फिर से बुलाया जाएगा।

दोनों गार्डों ने फायरिंग से जुड़ी बात स्वीकार की

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों गार्डों ने फायरिंग से जुड़ी बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। इस खुलासे के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना की जानकारी किन-किन लोगों को थी और क्या किसी स्तर पर इसके लिए निर्देश या सहमति दी गई थी। पटना में चल रहे कोचिंग विवाद के बीच यह नया मामला खान सर के लिए मुश्किलें बढ़ाता नजर आ रहा है।

खान सर कानूनी जांच के दायरे

सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक हलकों तक इस घटना की चर्चा तेज हो गई है। छात्रों के बीच लोकप्रिय खान सर अब इस पूरे मामले में कानूनी जांच के दायरे में आ गए हैं। फिलहाल पटना पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जांच की कड़ियां खान सर तक पहुंचती हैं या मामला यहीं पूछताछ तक सीमित रह जाता है। आने वाले दिनों में पुलिस की अगली कार्रवाई से स्थिति और स्पष्ट होगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article