शहर

उत्तराखंड में बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा पर लगी रोक; चंपावत में उफनती नदी में फंसे श्रद्धालु

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। वहीं चम्पावत में एसडीआरएफ ने उफनती नदी में फंसे 50 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया। विकासनगर में बारिश से एक झरना उफान पर आ गया, जिससे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे प्रभावित रहा।

Image

खराब मौसम का चारधाम यात्रा पर असर

Photo : Times Now Digital

उत्तराखंड में मानसून की एंट्री से पहले ही मौसम ने मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा और पहाड़ी इलाकों में साफ देखने को मिल रहा है। खराब मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। वहीं चम्पावत और विकासनगर में भी बारिश के चलते कई चुनौतीपूर्ण हालात पैदा हो गए।

केदारनाथ यात्रा पर लगा ब्रेक

रुद्रप्रयाग में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। जिसके कारण प्रशासन ने फिलहाल केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हजारों श्रद्धालुओं को गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे सुरक्षित होल्डिंग इलाकों में रोक दिया है। वहीं दूसरी ओर, केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों की टीमें अलर्ट मोड में हैं। यात्रा मार्ग और पड़ाव स्थलों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम सुधरने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

चमोली में बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब के रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम

वहीं चमोली में बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा शुरू होने के बाद रोजाना श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चमोली एसपी सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि प्रतिदिन 30 से 35 हजार श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम आ रहे हैं। वहीं 5 से 10 हजार श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं, जिससे हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। जोशीमठ से मारवाड़ी-विष्णुप्रयाग के बीच करीब 10 किलोमीटर सड़क खराब होने के कारण कई वाहन खराब हो रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। पुलिस और प्रशासन लगातार वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालकर यातायात सुचारू बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।

50 श्रद्धालुओं को SDRF ने बचाया

इधर, चंपावत जिले के ऐतिहासिक रीठा साहिब गुरुद्वारे में आयोजित प्रसिद्ध जोड़ मेले के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज बारिश के कारण उफनाई नदी के बीच 50 से ज्यादा श्रद्धालु फंस गए। जिसकी सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना टल गई।

हरिद्वार में वीकेंड पर उमड़ी लोगों की भीड़

हरिद्वार में वीकेंड के चलते शनिवार को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हर की पैड़ी, मनसा देवी और चंडी देवी समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी लोगों की जबरदस्त भीड़ रही। जिससे शहर की सभी प्रमुख पार्किंग पूरी तरह से भर गईं। यातायात का दबाव बढ़ने के कारण कई रास्तों पर वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर यातायात और भीड़ प्रबंधन के प्रयास किए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर झरने का रौद्र रूप

उत्तराखंड के विकासनगर में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर भी बारिश ने स्थिति चुनौतीपूर्ण कर दी। जुड्डो और लखवाड़ के बीच एक झरना अचानक उफान पर आ गया, जिससे चारधाम यात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। झरने के रौद्र रूप ने यात्रियों को हैरान कर दिया और कई वाहन घंटों तक रास्ते में फंसे रहे। राहत की बात यह रही कि कोई वाहन तेज बहाव की चपेट में नहीं आया। बाद में पानी का स्तर कम होने पर यातायात फिर से बहला हो सका।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों व स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। उत्तराखंड में मौसमी चुनौती के बीच प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article