शहर

मंत्री हो या संत्री…अब सबको कटवानी पड़ेगी बाबा की पर्ची, BKTC ने लागू किए नए नियम

Kedarnath Sugam Darshan: केदारनाथ मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने “सुगम दर्शन” के लिए ₹1100 शुल्क लागू किया है।

Kedarnath Sugam Darshan: उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर (Kedarnath Temple) में दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC New Rules) ने नई एसओपी जारी करते हुए 'सुगम दर्शन' व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। अब श्रद्धालुओं को आसान और तय समय में दर्शन करने के लिए 1100 रुपये शुल्क देना होगा। इस फैसले के बाद धाम में चर्चा तेज हो गई है। बीकेटीसी का कहना है कि हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़, खराब मौसम और लंबी कतारों की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाना है। इसके तहत श्रद्धालुओं को तय समय पर दर्शन की सुविधा मिलेगी, जिससे घंटों लाइन में खड़े रहने की परेशानी कम होगी। नई व्यवस्था से बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार यात्रियों को सबसे ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद है। पहले कई श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब सुगम दर्शन के जरिए कम समय में बाबा केदार के दर्शन किए जा सकेंगे।

बिना प्रक्रिया पूरी किए सीधे दर्शन की नहीं मिलेगी अनुमति

इस फैसले की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि अब यह नियम पंडा-पुरोहितों और उनके यजमानों पर भी लागू होगा। बताया जा रहा है कि अब किसी को भी बिना प्रक्रिया पूरी किए सीधे दर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी। यानी चाहे आम श्रद्धालु हो या कोई खास व्यक्ति, सभी को नियमों का पालन करना होगा। धाम में यह भी माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से वीआईपी संस्कृति पर काफी हद तक रोक लगेगी। पहले सिफारिश और प्रभाव के आधार पर कुछ लोगों को जल्दी दर्शन मिल जाते थे, लेकिन अब व्यवस्था शुल्क और तय प्रक्रिया के अनुसार चलेगी।

केदारनाथ मंदिर में भारी भीड़, बारिश और ठंड के बीच यात्रा जारी

हालांकि, इस फैसले पर लोगों की राय अलग-अलग है। कुछ श्रद्धालु इसे बेहतर प्रबंधन की दिशा में जरूरी कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे आस्था पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस जारी है। इन दिनों केदारनाथ मंदिर में भारी भीड़, बारिश और ठंड के बीच यात्रा चल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह नई व्यवस्था आने वाले समय में यात्रा संचालन का तरीका पूरी तरह बदल सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article