Kaushambi Factory Blast: कौशांबी के चर्चित पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार आरोपी मोहम्मद आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगने के बाद वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जिनमें आदिल के पिता और मुख्य आरोपी नौशाद शामिल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आदिल बाइक से कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास से कही जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को घिरता हुआ पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंगी की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। वही बाइक चला रहा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस फरार आरोपी की भी तलाश कर रही है। इस मामले में पुलिस नौशाद को पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा शबाना और शाइना की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।
पटाखा फैक्ट्रियों और संपत्तियों पर भी कार्रवाई
पुलिस-प्रशासन ने आदिल से जुड़ी बताई जा रही कई आतिशबाजी और पटाखा फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की है। इसके साथ ही अवैध निर्माण और संपत्तियों के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई भी की है। करोड़ों रुपये की इमारतों और अवैध पटाखा भंडारण को लेकर भी कार्रवाई की गई है। फिलहाल घायल आरोपी मोहम्मद आदिल से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पटाखा फैक्ट्री विस्फोट से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।
