शहर

बेटे ने रोते हुए पिता को फोन पर बताया, 'मम्मी को मार रहे हैं…' ताऊ पर हत्या का आरोप

कासगंज के भबूपुरा गांव में 35 वर्षीय महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा उसके आठ साल के बेटे ने पिता को फोन कर किया और बताया कि ताऊ व उसका परिवार मां को पीट रहे हैं। पुलिस ने गंभीर हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मुख्य आरोपी फरार है, पुलिस उसके परिवार के कुछ सदस्यों से पूछताछ कर रही है।

Image

फाइल फोटो

Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमापुर थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला के 8 वर्षीय बेटे ने इस घटना का खुलासा किया, वह इस वारदात का प्रत्यक्षदर्शी है। बेटे ने अपने ताऊ और उसके परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ताऊ नीरज फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना अमापुर कोतवाली क्षेत्र के भबूपुरा गांव की है। मृतका की पहचान रुचि (35) के रूप में हुई है, जो अपने पति पवन कुमार और आठ वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ गांव में रहती थी। पुलिस के अनुसार, रुचि का पति पवन कुमार लखनऊ में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह होली की छुट्टियां बिताने के बाद गुरुवार को काम पर लौट रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ के पास पहुंचने पर उसके बेटे हार्दिक ने फोन कर उसे बताया कि उसके ताऊ नीरज और उनके परिवार के सदस्य उसकी मां को बेरहमी से पीट रहे हैं।

बेटे ने कहा मां को जबरन अपने घर ले गए आरोपी

पवन ने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की आपातकालीन सेवा ’112’ को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, हार्दिक ने बताया कि उसके ताऊ नीरज और उनके परिवार के सदस्य उसकी मां को जबरन अपने घर ले गए और कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की। भयभीत होकर वह अपने एक मित्र के घर भाग गया और वहीं से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।

आरोपी के परिवार से पूछताछ कर रही पुलिस

अपर पुलिस अधीक्षक आर. के. भारती ने बताया कि मुख्य आरोपी नीरज घटना के बाद से फरार है। पुलिस आरोपी की पत्नी, बेटे और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article