कानपुर

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा, ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी कार को मारी टक्कर, 3 की मौत और तीन घायल

Sultanpur Road Accident: यूपी के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक कार और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Image

सुल्तानपुर ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी कार को मारी टक्कर

Sultanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी कार को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है। साथ ही ती अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक और कार की भीषण टक्कर

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कूरेभार थाना इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर प्रयागराज से लौट रही श्रद्धालुओं की कार को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात कूरेभार थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 116.7 किलोमीटर दूर कूरेभार टोल से हलियापुर टोल की तरफ जा रही स्‍कार्पियो को ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में तीन की मौत

पुलिस ने बताया कि यूपीडा की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र (सीएचसी) कूरेभार ले जाया गया। डॉक्टरों ने सत्येंद्र नाथ पांडेय (57), उनकी पत्नी शशि बाला (53) और रीता देवी (50) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में तीन अन्य घायल हो गये। बिहार के मोतिहारी जिले के हरसिद्धि निवासी अशोक कुमार चौबे स्कॉर्पियो चला रहे थे। घायल तीनों यात्रियों रितेश कुमार पांडेय सोनवर्षा थाना हरसिद्धि जिला मोतिहारी, अशोक चौबे और उनकी पत्नी किरन देवी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कूरेभार थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शारदेंदु दुबे ने बताया कि मृतकों के शवों को शवगृह में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article