कानपुर

Kanpur में 4 मई को रोड शो करेंगे पीएम मोदी, इन रास्तों पर बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, सिटी बसें भी बंद

Lok Sabha Elections 2024: कानपुर में 4 मई को पीएम मोदी का रोड शो है। इस दिन कई रास्तों पर ट्रैफिक में बदलाव रहेगा। इसके अलावा सिटी बसें भी नहीं चलेंगी और एंबुलेंस के लिए भी डायवर्जन रहेगा।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार- ट्विटर)

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को कानपुर में रोड शो करेंगे। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए वे कानपुर से प्रचार शुरू करने वाले हैं। पीएम मोदी कानपुर में गुमटी के कीर्तनगढ़ गुरुद्वारे में मत्था भी टेकेंगे। साथ ही वहां के सभी ग्रंथियों से बातचीत भी करेंगे। जिसके बाद उनका रोड शो शुरू होगा और संतनगर तिराहे से होते हुए खोया मंडी तक जाएगा। पीएम मोदी के रोड शो के चलते यातायात व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। कई रास्तों पर डायवर्जन लगाया जाएगा, तो वहीं कुछ रास्तें बंद रहेंगे। ऐसे में बाहर जानें से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें।

4 मई को नहीं चलेंगी सिटी बसें

पीएम मोदी के रोड शो के चलते कानपुर के झकरकटी बस अड्डा को बंद किया जाएगा। इस दिन यात्रियों को बाकरगंज और सिग्रेचर सिटी बस अड्डे पर बसे मिलेंगी। डीसीपी यातायात आरती सिंह के अनुसार रोड शो के कारण झकरकटी बस अड्डे को 6 घंटे पहले ही बंद कर दिया जाएगा। इसकी वजह ये है कि अगर चकेरी स्थित न्यू एयरपोर्ट से पीएम की फ्लीट निकलती है, तो वह झकरकटी बस चौराहे से होते हुए गुमटी गुरुद्वारा जाएगी। वहीं फसलगंज से संचालित होने वाली सभी प्राइवेट बसें भी सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक यहां से नहीं चलेंगी। इस दौरान ये बसें भौंती से संचालित होंगी। इसके अलावा सिटी बसें भी 4 मई को नहीं चलेंगी।

शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पीएम मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है। रोड शो वाले पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। इसके लिए रूट पर 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे नाइट विजन और वायस रिकॉर्डिंग फीचर से लैस होंगे। रोड शो के चलते गुमटी बाहर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसके अलावा गुरुवार से ही गुमटी बाजार में वाहन खड़े नहीं होंगे।

एंबुलेंस के लिए मार्ग

  • रोड शो के दिन महाराजपुर, नर्वल, चकेरी, जाजमऊ और उन्नाव की ओर से जो एंबुलेंस आएंगी, वो बीमा चौराहा या जेके चौराहा से कैंट होते हुए वीआईपी रोड होकर गुजरेंगी।
  • जो एंबुलेंस घाटमपुर, सजेती, नौबस्ता, साढ़, बिधनू, सेन पश्चिम पारा, रेउना, बर्रा, गुजैनी, हनुमंत विहार, गोविंद नगर, किदवई नगर, जूही की तरफ से आएंगी, उन्हें विजय नगर चौराहा से सब्जी मंडी से दाएं मरियमपुर चौराहा होते हुए पालीवाल तिराहे से होकर निकला जाएगा।
  • शहर में एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। एबुलेंस के भीड़भाड़ में फंसने पर हेल्पलाइन नंबर- 9305104387 से मदद ले सकते हैं।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article