Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार को नशे में धुत एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को जब्त करते पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
झांसी में नशे में धुत व्यक्ति ने की बुजुर्ग महिला की हत्या
कहां हुई थी घटना
हत्या की यह घटना सुबह झांसी जिले के खनुआ गांव में हुई। झांसी ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि 75 वर्षीय लाडली पटेल सुबह करीब नौ बजे अपने घर के बाहर बैठी थी, तभी स्थानीय व्यक्ति नाथूराम (45) उर्फ भोला नशे में धुत उनके पास आया और अचानक महिला पर फरसा (कुल्हाड़ी जैसा हथियार) से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
क्या था हत्या का कारण
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अधीक्षक कुमार ने बताया कि आदतन अपराधी और मादक पदार्थों का सेवन करने वाले नाथूराम की बुजुर्ग महिला से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। लाडली के परिवार ने भी पुष्टि की कि उनका आरोपी के साथ पहले कोई विवाद या झगड़ा नहीं था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि नाथूराम गांव में अकेला रहता है और अविवाहित है। वह पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
