Mahakumbh 2025: महाकुंभ मेला 2025 का आज अंतिम शाही स्नान है। इस शाही स्नान के साथ महाकुंभ अपने अंतिम पड़ाव है। इस बीच भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे है और कई पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। रेलवे स्टेशनों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। महोबा, झांसी और कानपुर रेलवे स्टेशन पर भी ऐसा ही मंजर देखने को मिल रहा है। कहीं लाइन टूटने से यात्रा में विलंब देखा गया तो कहीं ट्रेन का गेट न खुलने पर लोग हंगामा करने लगे। वहीं कानपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखा गया। श्रद्धालु अंतिम शाही स्नान में पहुंच के लिए जद्दोजहद में जुटे हुए हैं।
महोबा में रेलवे रूट प्रभावित
प्रयागराज-झांसी रेलवे रूट बेलाताल स्टेशन के पास टूटी OHT लाइन के कारण प्रभावित हो गया है। जिसके कारण चार महाकुंभ स्पेशल ट्रेन बीच रास्ते में रोकी गई। OHT टीम द्वारा रिपेयरिंग का कार्य किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां लगभग 2 घंटे तक रेल मार्ग प्रभावित रहा और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कानपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का सैलाब
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से हर घंटे प्रयागराज के लिए ट्रेनें चलाई जा रही है। इन ट्रेनों में यात्रा करने के लिए और महाकुंभ के अंतिम शाही स्नान में पहुंचने के लिए भारी तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। हर घंटे स्पेशल ट्रेन का संचालन होने के बावजूद ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं है। बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ और पीएस के जवानों को स्टेशनों पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैनात किया गया है। स्थिति को देखते हुए कानपुर रेल प्रशासन के बड़े आला अधिकारी भी स्टेशन पर मौजूद है। पूरा रेलवे स्टेशन हाई अलर्ट पर रखा गया है। ताकि स्थिति और भीड़ को काबू में किया जा सके।
वहीं बात करे भीड़ की तो प्रयागराज जाने वाली भीड़ तो है ही पर प्रयागराज से गलत ट्रेनों में बैठा कर जो श्रद्धालुओं को कानपुर भेजा जा रहा उनकी वजह से भी भारी भीड़ है कानपुर से दिल्ली गाजियाबाद, व अन्य जगह जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि प्रयागराज से गलत ट्रेन में बैठकर कानपुर भेज दिया जा रहा है।
झांसी में ट्रेन का गेट न खुलने पर हंगामा
महोबा, कानपुर के जैसे ही झांसी रेलवे स्टेशन पर भी भारी संख्या में महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं पहुंचे हुए हैं। इस दौरान महाकुंभ स्पेशल ट्रेन का गेट न खुलने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया है। बताया जा रहा है कि ट्रेन में घुसने के लिए यात्रियों द्वारा इमरजेंसी विंडो में तोड़फोड़ की गई, ताकि वहां से ट्रेन के अंदर जाया जा सके। वहीं कई यात्री ट्रेन का गेट खुलवाने के लिए गेट पर लात मारते हुए नजर आए। इस हंगामे से ट्रेन में पहले से सवार महिलाएं व अन्य यात्रियों में दहशत का माहौल देखने को मिला। इस दौरान स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ नदारद दिखाई दी। बताया जा रहा है कि यह मामला मऊरानीपुर का है। जहां झांसी से फुल होकर पहुंची ट्रेन के यात्रियों ने ट्रेन के गेट नहीं खोले। जिसे गुस्साए यात्रियों ने विंडो तोड़ने का प्रयास किया। साथ ही गेट पर लात मारकर उसे भी खोलने की कोशिश की।
