कानपुर

शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसा, शादी समारोह से लौटते समय ट्रक से टकराई कार, 4 लोगों की मौत

Shahjahanpur Accident: यूपी के शाहजहांपुर में शादी समारोह से लौट रही कार एक की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Image

कार की ट्रक से टक्कर

Shahjahanpur Accident: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक विवाह समारोह से लौट रहे चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि 6 लोग कार में सवार होकर विवाह समारोह से घर लौट रहे थे तभी कार ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और आगे मामले की जांच शुरू की गई।

कार और टक्कर में 4 लोगों की मौत

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश एस ने बताया कि थाना अल्लाहगंज के अंतर्गत गोरा तथा दहेना गांव के रहने वाले कुछ लोग शुक्रवार रात 11:00 बजे विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे और उनकी कार कटेली गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। एसपी ने बताया कि इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार राहुल कुमार (25) विनय शर्मा (27) आकाश (22) गोपाल (24) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कार सवारों को बाहर निकाला, जिनमें से चार की मौत हो चुकी थी। राजेश ने अल्लाहगंज थाने के प्रभारी ओम प्रकाश के हवाले से बताया की सूचना के बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचे और मृतकों के शवों को कब्जे में लेने के बाद घायलों को तत्काल ही राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article