Bundelkhand Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां जिले के एट क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक कार और ट्रक की टक्कर हो गई है। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क हादसे में एक परिवार के 5 लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना गिरथान गांव के पास तड़के करीब पांच बजे हुई जब बहराइच जिले के मोतीपुर निवासी बृजेश (42) कार से अपने परिवार के साथ झांसी की ओर जा रहे थे। उसने बताया कि गिरथान गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर को तोड़ते हुए सामने से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इस घटना में बृजेश, उनकी पत्नी प्रीति (40), बेटे आशुतोष (13), रिश्तेदार संगीता (33) तथा बृजेश की तीन माह की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। उसने बताया कि मानवी और नंदा नामक दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उरई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पीड़ितों के परिवार को इस घटना के बार में सूचना दे दी गई है। उसने बताया कि संभवत: झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ और मामले की जांच की जा रही है।
