कानपुर

कानपुर में भीषण हादसा, कार और बस की टक्कर में 3 लोगों की मौत; ऐसे हुआ एक्सीडेंट

उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार कार और बस की टक्कर से 3 लोगों की मौत हो गई। इस घातक दुर्घटना की जांच की जा रही है। बस चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

Image

कानपुर-बस एक्सीडेंट

कानपुर : कानपुर में मंगलवार को एक निजी बस और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई एवं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी-कल्याणपुर) अभिषेक पांडे ने बताया कि यह हादसा बिठूर क्षेत्र के नारामऊ में जीटी रोड पर तब हुआ, जब ये पांचों नारामऊ से उन्नाव जा रहे थे और उनकी कार कथित तौर पर सड़क के गलत ‘साइड’ पर थी। एसीपी के अनुसार, कार चालक ने पहले सीएनजी ईंधन स्टेशन की ओर मुड़ते समय एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी और शायद वह घटनास्थल से भागने का प्रयास कर रहा था, जिसके कारण बस से उसकी कार टकरा गयी।

इन लोगों की हुई मौत

उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने कार की खिड़कियां तोड़कर अंदर से लोगों को बाहर निकाला एवं उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक डॉक्टरों ने शिवली रोड निवासी आकांक्षा मिश्रा (30) और बर्रा निवासी अंजुला मिश्रा (32) को मृत घोषित कर दिया। कार चालक कल्याणपुर निवासी विशाल द्विवेदी (25) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कार में सवार दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनकी पहचान ऋचा अवस्थी और अशोक कुमार के रूप में हुई है। एसीपी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और इस घातक दुर्घटना की जांच की जा रही है। बस चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हाथरस में सड़क दुर्घटना में दो भाइयों समेत तीन की मौत

हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के बघराया गांव के पास जलेसर रोड पर मोटरसाइकिल और स्कूटर की आमने-सामने की टक्कर में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह दुर्घटना सोमवार को हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के बघराया गांव के पास जलेसर रोड पर हुई। सिकंदरा राव के शिव कॉलोनी निवासी योगेश कुमार (55) अपने बेटे निमेश (24) के साथ स्कूटर पर सवार होकर जलेसर की ओर जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसी समय पाडू गांव के नारायण हरि के बेटे अमित (24) और सुमित (22) मोटरसाइकिल पर सवार होकर जलेसर से अपने गांव की ओर जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि बघराया गांव के पास मोटरसाइकिल और स्कूटर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान जलेसर से आ रही एक इको वैन दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों से बचने की कोशिश में पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में वैन चालक भी घायल हो गया।

सभी घायलों को तुरंत महऊ के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने अमित, सुमित और योगेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, घायलों में निमेश और इको वैन चालक विजय, जो फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के मदनपुर का रहने वाला है, को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article