कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। परिवार सहित हुई इस मुलाकात में उन्होंने पीएम को ब्रह्मोस मिसाइल का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। ब्रह्मोस मिसाइल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही उन्होंने कानपुर में चल रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी ने आज यानी बुधवार 25 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सांसद रमेश अवस्थी अपने परिवार के साथ पीएम मोदी से मिले, जिसे एक शिष्टाचार भेंट कहा जा रहा है। उनकी यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को ब्रह्मोस मिसाइल का प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर दी बधाई
मुलाकात के के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के संदर्भ में आत्मनिर्भर भारत की पहचान मानी जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र कानपुर में चल रहे विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
बता दें कि कानपुर एक प्रमुख औद्योगिक नगर है और यहां बड़ी संख्या में हथियारों का निर्माण होता है। यहां से बने हथियार देश की सेनाओं और अन्य सैन्य बलों के काम आते हैं। देश की शान मानी जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होता है। लखनऊ और कानपुर यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा भी हैं।
इस मुलाकात के दौरान सांसद रमेश अवस्थी के साथ उनके पुत्र सचिन और पुत्रवधू नूपुर भी थे। पीएम मोदी ने दोनों को विवाह उपरांत स्नेहिल आशीर्वाद दिया। सांसद के परिवार ने पीएम मोदी से मुलाकात को अपने लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। सांसद रमेश अवस्थी ने भी कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें हमेशा राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
