शहर

कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा मामले में अदालत ने मांगी तकनीकी जांच रिपोर्ट, 20 फरवरी को अगली सुनवाई

कानपुर के वीआईपी मार्ग पर हुई तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी दुर्घटना मामले में अदालत ने पुलिस को तकनीकी जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अगली सुनवाई से पहले विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। यह कार फिलहाल महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त है और इसकी फोरेंसिक जांच जारी है।

Image

कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा मामले में जांच रिपोर्ट की मांग (फोटो: PTI)

Photo : PTI

Kanpur Lamborghini Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने वीआईपी मार्ग पर हाल में हुई लैंबॉर्गिनी दुर्घटना के मामले में पुलिस को तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा है कि अगली सुनवाई, जो 20 फरवरी को निर्धारित है, उससे पहले विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित सिंह ने ग्वालटोली थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि डीएल 11 सीएफ 4018 नंबर वाली कार की गहन जांच की जाए और आवश्यक सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रिपोर्ट अदालत में दाखिल की जाए।

लैंबॉर्गिनी कार का कहर

गौरतलब है कि कानपुर में एक तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार की टक्कर से गंभीर हादसा हुआ था, जिसमें कथित तौर पर एक तंबाकू कारोबारी के बेटे द्वारा चलाई जा रही इस गाड़ी ने सड़क पर जा रहे लोगों को रौंद दिया, जिसके चलते छह व्यक्ति घायल हो गए। इस मामले में बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को आरोपी के रूप में नामजद किया गया।

तकनीकी निरीक्षण की प्रक्रिया जारी

अदालत ने मामले की फाइल के साथ एक अनुपालन रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। यह निर्देश उस समय दिए गए, जब अदालत कार मालिक और आरोपी शिवम कुमार मिश्रा द्वारा अपनी लैंबॉर्गिनी कार की वापसी के लिए दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। यह याचिका दुर्घटना के अगले दिन, सोमवार को दाखिल की गई थी। एक अधिकारी ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि पुलिस ने अदालत को जानकारी दी है कि वाहन का तकनीकी निरीक्षण अभी पूरा नहीं हुआ है और प्रक्रिया जारी है।

जरूरी साक्ष्य के रूप में कार जब्त

पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार यह प्रकरण 20 फरवरी को सुनवाई के लिए तय किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी शिवम की कार इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त की गई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को ग्वालटोली क्षेत्र में इस वाहन ने कई लोगों को टक्कर मारी और अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और फोरेंसिक जांच के जरिए कार की वास्तविक स्थिति तथा घटना में उत्तरदायित्व निर्धारित करने से जुड़े अन्य अहम पहलुओं की पुष्टि की जा सकेगी। शिवम को दोबारा पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाने के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article