शहर

Kanpur News: होली पर कानपुर स्टेशन बना जनसैलाब! स्पेशल ट्रेनें भी फुल; टॉयलेट में सफर कर रहे यात्री

होली से पहले कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात और राजस्थान से आने वाली ट्रेनें भी यात्रियों से खचाखच भरी हुई हैं। लोग टॉयलेट और फर्श पर बैठकर यात्रा करने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि रेलवे ने 61 होली स्पेशल ट्रेनें चलाईं है, फिर भी हालात बेकाबू हैं।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Kanpur News: भारत में होली-दीवाली जैसे त्योहार पर ट्रेनें अक्सर खचाखच भरी हुई नजर आती हैं। हर साल स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने के बावजूद ट्रेनों की भीड़ कम नहीं होती। इस बार भी ऐसा ही हाल देखने को मिल रहा है। जहां कानपुर में होली के मौके पर इतनी भारी संख्या में लोग सफर कर रहे हैं कि लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही। कुछ लोग तो टॉयलेट में यात्रा करने को मजबूर हैं।

कानपुर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़

होली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन यात्रियों की भारी भीड़ से जूझता नजर आ रहा है। स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के लिए भी यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। जिसके बाद ट्रेन में भी उन्हें भीड़ से राहत नहीं मिल रही। हालात ऐसे हैं कि ट्रेनों में जमीन से लेकर टॉयलेट तक, हर जगह यात्री सफर करने के लिए मजबूर हैं। स्टेशन पर भारी भीड़ के चलते माहौल अफरा-तफरी भरा बना हुआ है।

होली पर कानपुर से 61 स्पेशल ट्रेनें

रेलवे प्रशासन ने होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए कानपुर से 61 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जो कानपुर, अनवरगंज और गोविंदपुरी रेलवे स्टेशनों से होते हुए गुजर रही हैं। इसके बावजूद ट्रेनों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही। कानपुर सेंट्रल से रोजाना 3 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। खासतौर से दिल्ली, गुजरात, मुंबई और राजस्थान से आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ चल रही है। जम्मू से हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में तो इतनी ज्यादा भीड़ है कि यात्रियों के बीच चढ़ने को लेकर झगड़े तक की स्थिति बन जा रही है।

स्लीपर और जनरल कोच भीड़ से खचाखच

कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन 275 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं, जिनमें नियमित ट्रेनें तो पहले से ही फुल चल रही हैं, जबकि स्पेशल ट्रेनों में भी लोगों को टिकट नहीं मिल पा रही है। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, कालका मेल, जोगबनी एक्सप्रेस और अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में भीड़ की वजह से हालात बेहद खराब हैं। इन ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोचों में ऊपर की बर्थ पर यात्री लटके हुए नजर आ रहे हैं। यात्रा करने के लिए लोग टॉयलेट को भी खाली नहीं छोड़ रहे, कुछ यात्री उसमें भी बैठकर सफर कर रहे हैं। जिससे टॉयलेट जाने वाले लोग ट्रेन में परेशान हो रहे हैं।

ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू

ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। जिसके तहत स्टेशन परिसर, वेटिंग हॉल, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग स्थल और सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की गहन जांच की जा रही है। रेलवे और पुलिस प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि होली के दौरान किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article