शहर

कन्नौज में प्रसाद खाकर बिगड़ी 50 लोगों की तबीयत, अस्पताल में लगा मरीजों का तांता

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सत्यनारायण कथा के समापन के बाद बांटे गए प्रसाद को खाने से 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

Image

कन्नौज में प्रसाद खाकर बिगड़ी 50 लोगों की तबीयत

कन्नौज : जिले से बड़ा मामला सामने आया है, जहां सत्यनारायण कथा के समापन के बाद बांटे गए प्रसाद को खाने से 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। बीमार लोगों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। कई लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया है।

घटना ठठिया थाना क्षेत्र के सिमुआपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गांव में कई दिनों से सत्यनारायण कथा का आयोजन चल रहा था। शुक्रवार को कथा के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को चने का प्रसाद बांटा गया। प्रसाद खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और चक्कर आने जैसी शिकायतें होने लगीं।

देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ने लगे। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बीमारों में करीब 20 महिलाएं, 30 से ज्यादा बच्चे और कई पुरुष शामिल हैं।

डॉक्टरों के अनुसार शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। गंभीर हालत में पांच लोगों को कानपुर के अस्पताल रेफर किया गया है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रसाद के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा सकते हैं।डॉक्टरों के मुताबिक मरीजों में दिखाई दे रहे लक्षण और शुरुआती मेडिकल जांच फूड प्वाइजनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं। सभी प्रभावित लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उन्हें ड्रिप और जरूरी दवाएं दी जा रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ज्यादातर मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है। उधर, प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि प्रसाद तैयार करने में कहीं किसी खराब या दूषित सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं हुआ था।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि सभी मरीजों का इलाज जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article